![]()
अब कैबिनेट में जाएगा झारखंड सरकार हर साल 100 युवाओं को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और अन्य राज्यों की सिविल सेवा परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग कराएगी। इसके लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने ‘सीएम ट्रेनिंग एंड मेंटरशिप स्कीम फॉर सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन’ का प्रस्ताव तैयार किया है। सीएम हेमंत सोरेन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब इसे कैबिनेट में रखा जाएगा। योजना के लिए रांची सेंट जेवियर्स कॉलेज को भागीदार बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण, जनजातीय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित मूल्यांकन की सुविधा देना है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद रांची सेंट जेवियर्स कॉलेज और झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद के बीच एमओयू किया जाएगा। वो सब कुछ जो आपके लिए जानना जरूरी है स्थानीय निवासी होना जरूरी, आय 8 लाख से कम: अभ्यर्थी का झारखंड का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। पात्रता के लिए सक्षम प्राधिकारी से जारी वैध स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र या झारखंड के मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान से 10वीं और 12वीं या डिप्लोमा उत्तीर्ण होना जरूरी है। अभ्यर्थी को संबंधित सिविल सेवा परीक्षा की निर्धारित शैक्षणिक और अन्य पात्रताएं पूरी करनी होंगी। योजना का लाभ एक बार ले चुके विद्यार्थी दोबारा पात्र नहीं होंगे। ऑनलाइन आवेदन, मेरिट से होगा चयन: रांची सेंट जेवियर्स कॉलेज हर साल ऑनलाइन आवेदन लेगा। चयन प्रक्रिया में आरक्षण नीति का पालन होगा। चयन के बाद संयुक्त मेरिट सूची और श्रेणीवार मेरिट सूची जारी होगी। सीटें खाली रहने पर प्रतीक्षा सूची से अभ्यर्थियों को मौका मिल सकेगा। चयन सूची कॉलेज की वेबसाइट पर जारी होगी। प्रमाणपत्रों की जांच और सत्यापन की जिम्मेदारी कॉलेज की होगी। 13 महीने की कोचिंग, हर सप्ताह 16 घंटे क्लास: प्रशिक्षण कार्यक्रम की कुल अवधि 13 महीने होगी। इसमें प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की तैयारी के लिए नौ महीने, प्रारंभिक परीक्षा के बाद तीन महीने और मुख्य परीक्षा के बाद एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों की हर सप्ताह कम से कम 16 घंटे ऑफलाइन कक्षाएं होंगी। अध्ययन सामग्री हिंदी और अंग्रेजी, दोनों माध्यमों में उपलब्ध कराई जाएगी।
Source link