Last Updated:
Palamu Shubham Donated Blood 30 Times: पलामू के मेदिनीनगर निवासी 30 वर्षीय शुभम प्रसाद ने पिछले 12 सालों में 25 बार रक्तदान किया है. कॉलेज के दिनों से शुरू हुआ यह सिलसिला अब भी जारी है. उन्होंने आरंभ फाउंडेशन के जरिए लोगों को जागरूक करने का बीड़ा भी उठाया है.
पलामू. समाज के लिए कुछ अच्छा करने की इच्छा कई लोगों में होती है, लेकिन कुछ लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना लेते हैं. मेदिनीनगर के रहने वाले शुभम प्रसाद भी ऐसे ही लोगों में शामिल हैं. महज 30 वर्ष की उम्र में वह अब तक 25 बार रक्तदान कर चुके हैं. जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान करने का उनका सिलसिला पिछले 12 वर्षों से लगातार जारी है. शुभम ने लोकल18 को बताया कि रक्तदान की शुरुआत कॉलेज के दिनों में हुई थी. वर्ष 2014 में वह आईटीएम यूनिवर्सिटी, ग्वालियर से बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे.
कॉलेज में नामांकन के महज आठ दिन बाद आयोजित रक्तदान शिविर में वह पहली बार पहुंचे थे. उस समय रक्तदान को लेकर उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन शिविर में मौजूद लोगों ने उन्हें इसके महत्व के बारे में समझाया. इसके बाद उन्होंने पहली बार रक्तदान किया.
रक्तदान को लेकर दूर हुई झिझक
शुभम ने आगे कहा कि कॉलेज के दौरान हॉस्टल में रहते हुए उनकी मुलाकात डीन संजय जैन से हुई थी. उन्होंने रक्तदान को लेकर अपनी जिज्ञासा जाहिर की और पूछा कि क्या रक्तदान करने से शरीर पर कोई नुकसान होता है. उन्हें बताया गया कि स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय जांच और उचित सावधानियों के साथ रक्तदान कर सकता है तथा शरीर दान किए गए रक्त की भरपाई करता है.
इस जानकारी के बाद उनका डर दूर हुआ और उन्होंने नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया. शुरुआत में साल में एक बार रक्तदान करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन वर्ष 2019 से वह साल में तीन से चार बार रक्तदान करने लगे. अब तक 25 बार रक्तदान कर चुके शुभम का लक्ष्य भविष्य में रक्तदान का शतक पूरा करना है.
आरंभ फाउंडेशन के जरिए जागरूकता
शुभम ने आगे बताया कि कोरोना काल में समाजसेवा के उद्देश्य से उन्होंने अपने दोस्तों के साथ आरंभ फाउंडेशन की शुरुआत की. इस संस्था के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का काम किया जा रहा है. संस्था से अब तक 25 लोग जुड़ चुके हैं, जो जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने और अन्य लोगों को प्रेरित करने में योगदान देते हैं. संस्था के माध्यम से अब तक करीब 500 यूनिट रक्तदान कराया जा चुका है.
उन्होंने बताया कि रक्तदान केवल एक व्यक्ति की मदद नहीं, बल्कि किसी परिवार को नई उम्मीद देने का माध्यम है. शुभम मेदिनीनगर बस स्टैंड के समीप वेस्टन वर्ल्ड नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं, लेकिन व्यस्त दिनचर्या के बीच समाजसेवा और रक्तदान के लिए समय निकालना उनकी प्राथमिकता बनी हुई है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…