![]()
झारखंड में करीब दो साल बाद 455 पदों पर होने वाली सचिवालय स्टेनोग्राफर भर्ती रद्द कर दी गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा अधियाचना वापस लेने के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने भर्ती का विज्ञापन निरस्त कर दिया। इस भर्ती के लिए एक लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और वे परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे थे। इस भर्ती के तहत 454 नियमित और एक बैकलॉग समेत कुल 455 पदों पर नियुक्ति होनी थी। वर्ष 2024 में जेएसएससी ने विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थी परीक्षा तिथि की घोषणा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन करीब दो साल बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया ही समाप्त कर दी गई। भर्ती रद्द करने की वजह नहीं बताई: जेएसएससी ने जारी सूचना में सिर्फ इतना कहा है कि सरकार द्वारा अधियाचना वापस लिए जाने के कारण विज्ञापन रद्द किया जा रहा है। हालांकि, सरकार ने अधियाचना वापस लेने का कारण सार्वजनिक नहीं किया है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भर्ती प्रक्रिया बीच में ही समाप्त करने की नौबत क्यों आई। कार्मिक विभाग ने 23 जून को आयोग को भेजी चिट्ठी
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने 23 जून को आयोग को पत्र भेजकर स्टेनोग्राफर भर्ती से संबंधित अधियाचना (रिक्विजिशन) वापस ले ली। भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आधार यही अधियाचना होती है। सरकार के इस फैसले के बाद आयोग के पास भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का कोई कानूनी आधार नहीं बचा। इसी कारण जेएसएससी ने भर्ती विज्ञापन निरस्त कर दिया।
Source link