भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

पोटका में ब्रेन मलेरिया बेकाबू:507 जांच में 51 नए संक्रमित, 13 की...




चार बच्चों की मौत के बाद हाई अलर्ट; 12 टीमें गांव-गांव स्क्रीनिंग में जुटीं पूर्वी सिंहभूम के पोटका में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को लगाए गए विशेष जांच शिविरों में 507 लोगों की जांच की गई, जिनमें 51 नए मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। चार बच्चों की मौत और बढ़ते संक्रमण के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पोटका, मुसाबनी, घाटशिला और डुमरिया प्रखंड में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। नए संक्रमितों में 13 मरीजों की हालत गंभीर है। इनमें चार को पोटका सीएचसी, पांच को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल और चार को खासमहल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मरीजों को दवा देकर घर पर निगरानी में रखा गया है। संक्रमण बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। 12 मेडिकल टीमें प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रही हैं। जांच के साथ मरीजों को मौके पर ही दवा दी जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। सबरनगर, कांदर, जोजोगोड़ा, गाम्हीरकोचा, छोटा रामगढ़, कुंदरुकोचा, झरिया और टांगराईन गांवों पर विशेष फोकस किया गया है। इन गांवों में लगातार स्क्रीनिंग, दवा वितरण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी निकिता बाला और बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर अभियान की समीक्षा की। फिलहाल पोटका सीएचसी में नौ गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा है। टीम घर-घर जांच करेगी, आज से 108 डॉक्टर संभालेंगे मोर्चा : ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग बुधवार से विशेष अभियान शुरू कर रहा है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के 108 चिकित्सकों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है। चार टीमों में 25-25 डॉक्टरों के साथ आठ वरिष्ठ चिकित्सकों को शामिल किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर जांच करेंगी, लोगों को जागरूक करेंगी और गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल भेजेंगी। बीमारी फैलने के कारणों की भी होगी जांच : मरीजों की बढ़ती संख्या और चार बच्चों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है कि संक्रमण इतनी तेजी से क्यों फैला। अधिकारियों को प्रभावित गांवों की लगातार निगरानी और हर संदिग्ध मरीज की समय पर जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। एमजीएम के शिशु वार्ड में 20 बच्चे भर्ती, छह की हालत गंभीर
पोटका के अलावा घाटशिला, बहरागोड़ा और चाकुलिया में भी मलेरिया के मामले बढ़ रहे हैं। इसका असर एमजीएम अस्पताल पर भी दिख रहा है। अस्पताल के शिशु वार्ड में फिलहाल 20 मलेरिया पीड़ित बच्चे भर्ती हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top