![]()
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत पपलो पंचायत के खंडराडीह गांव में बीती रात 55 वर्षीय किसान केदार यादव की हाथियों के हमले में मौत हो गई। बताया जाता है कि केदार यादव अपनी पत्नी के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पानी पटाने वाली मशीन (टुलु पंप) लेने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे हाथियों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, एक हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर खेत में पटक दिया, जबकि दूसरे हाथी ने पैरों तले कुचल दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि उनकी पत्नी किसी तरह जान बचाकर भागी। गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। नाराज ग्रामीणों ने किया हंगामा सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हाथियों का झुंड वहां से जा चुका था। केदार यादव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने हाथियों को जल्द से जल्द क्षेत्र से भगाने की मांग की। इधर, सूचना मिलने पर मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। लगातार बढ़ रहा हाथियों का आतंक क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में मरकच्चो और नवलशाही क्षेत्रों में कई किसानों के खेतों और घरों को नुकसान पहुंचाया गया है। पिछले एक वर्ष में जिले में हाथियों के हमले से डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मृतक केदार यादव अपने पीछे पत्नी और दो पुत्र छोड़ गए हैं। दोनों बेटे मुंबई में काम करते हैं। डीएफओ सौमित्र शुक्ला ने बताया कि 20 से 25 हाथियों का झुंड इलाके में सक्रिय है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि रात में घर से बाहर न निकलें और किसी भी सूचना को तुरंत वन विभाग तक पहुंचाएं। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया गया है।
Source link