![]()
चतरा के इटखोरी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा इटखोरी-चौपारण मेन रोड पर स्थित सपना होटल के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। ईटखोरी से घर लौटने के दौरान हादसा हादसे में चौपारण थाना क्षेत्र के मध्यगोपाली निवासी तोखलाल साव के पुत्र ललन कुमार साव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसी गांव के संजीवन साव का पुत्र बबलू कुमार साव गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से इटखोरी से अपने घर लौट रहे थे। मृतक के दादा ने अस्पताल परिसर में बिलखते हुए बताया कि ललन किसी रिश्तेदार को इटखोरी छोड़ने आया था। लौटते समय यह हादसा हो गया। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी पुलिस की टीम एएसआई राजेश राम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने ललन को मृत घोषित कर दिया, जबकि बबलू की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। फरार वाहन की तलाश में छापेमारी घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हाइवा की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Source link