![]()
शुक्रवार को चास तेलीडीह मोड़ स्वामी विवेकानंद गली स्थित प्रूडेंस हॉस्पिटल में बंध्याकरण के लिए लगी कॉपर-टी निकालने के ऑपरेशन के बाद महिला मरीज 24 वर्षीय रम्पा स्वर्णकार की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान नस फटने से मरीज गंभीर हो गई और अब वह वेंटिलेटर पर है। परिजनों ने बताया कि, तीन दिन पहले पेट दर्द की शिकायत पर महिला को भर्ती कराया गया था। अल्ट्रासाउंड में डॉक्टर ने बताया कि कॉपर-टी अंदर फंस गई है। परिजनों ने कॉपर-टी निकालने के साथ बच्चेदानी का ऑपरेशन भी कराने को कहा। आरोप है कि डॉ. ऋचा सोनी ने ऑपरेशन किया, लेकिन नस फट गई। मरीज की हालत बिगड़ने पर अस्पताल ने एक महिला परिजन से अंगूठा लगवाकर मरीज को पास के केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कर दिया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले के किसी ऑपरेशन में पेट में गॉज छोड़ दिया गया था, जिसे निकालते समय स्थिति बिगड़ी। सूचना मिलते ही मरीज के परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मांग की गई कि मरीज का सही इलाज हो, क्योंकि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं। सूचना पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अस्पताल प्रबंधक डॉ. अमरीक सोनी ने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की गई है। वहीं सिविल सर्जन ने डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। चास तेलीडीह मोड़ स्थित अस्पताल में हंगामा के दौरान पहुंची पुलिस।
Source link