जमशेदपुर. पिछले कुछ वर्षों में देशभर के साथ-साथ झारखंड में भी दोपहिया वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है. आज लगभग हर घर में एक नहीं, बल्कि दो से चार बाइक या स्कूटी देखने को मिल जाती हैं. ऐसे में इन वाहनों की सर्विसिंग और मरम्मत की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है. यही कारण है कि दोपहिया वाहन मैकेनिक का व्यवसाय आज के समय में एक बेहतरीन और स्थायी बिजनेस मॉडल बनकर उभर रहा है.
सबसे पहले सीखें काम
पिछले 15 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत सद्दाम बताते हैं कि अगर किसी व्यक्ति के पास तकनीकी जानकारी है या वह सीखने की इच्छा रखता है, तो दोपहिया गाड़ियों का गैराज खोलकर अच्छी कमाई की जा सकती है. उनके अनुसार, यह ऐसा व्यवसाय है, जिसमें पहले दिन से ही आय शुरू होने की संभावना रहती है, क्योंकि वाहनों की मरम्मत की जरूरत कभी खत्म नहीं होती. बेहतर होगा कि पहले किसी दुकान में लगकर काम सीख लें.
इनकी पड़ेगी जरूरत
इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए सबसे पहले एक अच्छी लोकेशन का चयन करना जरूरी है. मुख्य सड़क, बाजार, पेट्रोल पंप या भीड़भाड़ वाले इलाके के आसपास छोटी सी दुकान भी बेहतर परिणाम दे सकती है. शुरुआत में बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती. करीब 15 से 20 हजार रुपये में जरूरी औजार, पाना सेट, स्क्रू ड्राइवर, जैक, एयर पंप और अन्य बेसिक उपकरण खरीदे जा सकते हैं. इसके साथ कुछ ब्रांडेड इंजन ऑयल, केबल, बल्ब, स्पार्क प्लग और अन्य छोटे-मोटे स्पेयर पार्ट्स भी रखे जा सकते हैं.
बार-बार आते हैं ग्राहक
हालांकि, केवल दुकान खोल लेना ही सफलता की गारंटी नहीं है. इस व्यवसाय में सबसे महत्वपूर्ण चीज आपका व्यवहार और काम की गुणवत्ता है. सद्दाम कहते हैं कि एक अच्छा मैकेनिक और एक अच्छा डॉक्टर लगभग एक जैसे होते हैं. जिस प्रकार मरीज सही इलाज मिलने पर उसी डॉक्टर के पास दोबारा जाता है, उसी तरह ग्राहक भी अच्छी सर्विस मिलने पर बार-बार उसी मैकेनिक के पास लौटता है.
गलतियों से बचें
व्यवसाय शुरू करते समय कुछ गलतियों से बचना भी जरूरी है. बिना जानकारी के किसी गाड़ी के पार्ट्स खोलना, नकली स्पेयर पार्ट्स का इस्तेमाल करना, ग्राहकों से गलत जानकारी साझा करना और अनावश्यक खर्च बताना आपकी साख को नुकसान पहुंचा सकता है. हमेशा पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करना चाहिए.
हो सकती है इतनी आमदनी
अगर ग्राहक संतुष्ट होते हैं और आपका काम भरोसेमंद होता है, तो धीरे-धीरे आपकी दुकान की पहचान बन जाती है. सद्दाम के अनुसार, एक अच्छी तरह चलने वाली दोपहिया मैकेनिक की दुकान से महीने में 60 से 70 हजार रुपये तक की आमदनी हो सकती है. स्टाफ वेतन, किराया और अन्य खर्च निकालने के बाद भी 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत संभव है.
आज के दौर में जहां रोजगार की तलाश में लोग भटक रहे हैं, वहीं दोपहिया वाहन मरम्मत का व्यवसाय कम निवेश में शुरू होने वाला ऐसा काम है, जो मेहनत, ईमानदारी और अच्छी सेवा के दम पर लंबे समय तक स्थिर आय का मजबूत साधन बन सकता है.