मंदिर नवनिर्माण समिति की ओर से पुरानी पुलिस लाइन स्थित श्री प्राचीन शिव-हनुमान मंदिर में सात दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा सह शिव शक्ति महायज्ञ अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ किया गया। पहले दिन गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी 251 महिला श्रद्धालु शामिल हुईं। यह यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नक्षत्र वन पहुंची। वहां विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जल यात्रा का पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद महिलाएं कलश में पवित्र जल भरकर शोभायात्रा के साथ पुनः मंदिर परिसर लौटीं। कलश स्थापना के बाद दिनभर मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक पूजन कार्यक्रम चलते रहे, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। शाम के समय 11 पंडितों के सान्निध्य में मुख्य यज्ञ मंडप में यज्ञ प्रवेश कराया गया। मंत्रोच्चार की गूंज से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा। इसके उपरांत संगीतमय कथा वाचन का शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति के अनुसार, इस सात दिवसीय महाअनुष्ठान का समापन 23 जून को भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और भंडारे के साथ होगा। आयोजन को सफल बनाने में नवल किशोर तिवारी, देवता चरण उपाध्याय, सीपी उपाध्याय, परशुराम कुमार, देवेंद्र कुमार सिंह, भावेश चौधरी, अरुण तिवारी, रंजीत कुमार समेत अन्य श्रद्धालु लगे हैं।
Source link