![]()
गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भरनो में 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने बुधवार सुबह हॉस्टल के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने विद्यालय कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। कमरा खाली होने पर दुपट्टे से फांसी लगाई
मृत छात्रा की पहचान बूढ़ी पाठ तेतर टोली निवासी चैतू उरांव की 15 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। विद्यालय की वार्डन दिव्या टोप्पो ने बताया कि बुधवार सुबह प्रियंका ने पेट दर्द का बहाना बनाया और पीटी के लिए कमरे से बाहर नहीं निकली। अन्य छात्राओं के बाहर जाने के बाद उसने दरवाजा बंद कर दुपट्टे से फांसी लगा ली। जब अन्य लोग पहुंचे, तो उन्होंने दरवाजे के नीचे से उसके पैर लटकते देखे। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर थानेदार संदीप कुमार और एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद छात्राओं ने बताया कि प्रियंका कुछ दिनों से उदास रहती थी, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया था। पिता ने की मामले की गहन जांच की मांग
आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। मृत छात्रा के पिता चैतू उरांव ने आत्महत्या के पीछे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रियंका को पेट दर्द हो रहा था, जैसा कि अन्य छात्राओं ने बताया, तो वह फांसी का फंदा कैसे बना सकती है? उन्होंने इस मामले की गहन जांच की मांग की है। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, शिक्षा विभाग और पुलिस महकमा मामले की जांच में जुटा हुआ है।
Source link