गुजरात कॉलोनी स्थित एक किराना स्टोर में शनिवार की देर रात भीषण आग लग गई। अग्निकांड में दुकान में रखा किराना और मनिहारी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना का पता रविवार की सुबह उस समय चला, जब दुकान के अंदर से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर चास अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकानदार उमेश प्रसाद ने बताया कि उन्हें करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानदार उमेश प्रसाद ने बताया कि रात करीब 11 बजे तक दुकान बंद कर घर चले गए। सूचना पर सुबह जब दुकान पहुंचे तो अंदर से भारी मात्रा में धुआं निकल रहा था। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की जताई गई आशंका वहीं चास अग्निशमन विभाग के प्रधान अग्नि चालक गिरिधर राम ने बताया कि विभाग को सुबह करीब 6 बजे गुजरात कॉलोनी स्थित दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंची तो दुकान के अंदर आग की तेज लपटें उठ रही थीं और चारों ओर घना धुआं फैला था। इस जनरल स्टोर में मनिहारी के भी सामान थे। उन्होंने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।
Source link