Last Updated:
yardlong bean cultivation: मेहनत, लगन और आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल किया जाए तो खेती भी बेहतर आमदनी का मजबूत जरिया बन सकती है. इसे साबित कर रहे हैं कोडरमा जिले के मसनोडीह प्रखंड के किसान पप्पू मेहता. स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले पप्पू मेहता आज लीज पर जमीन लेकर आधुनिक तरीके से सब्जियों की खेती कर रहे हैं. विशेषज्ञों की सलाह और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर उन्होंने खेती में अपनी अलग पहचान बनाई है. बरबट्टी की खेती से उन्हें हर महीने एक से डेढ़ लाख रुपये तक की बिक्री हो रही है. विशेष बातचीत में किसान पप्पू मेहता ने बताया कि फिलहाल वह 15 कट्ठा जमीन लीज पर लेकर उसमें बरबट्टी की खेती कर रहे हैं.
उन्होंने अगस्त महीने में बरबट्टी के बीज की बुआई की थी. बुआई के लगभग 45 से 50 दिनों बाद पौधों से उत्पादन मिलना शुरू हो गया. खेती के लिए उन्होंने बरबट्टी का उन्नत बीज हजारीबाग से मंगवाया था. उनका कहना है कि सही समय पर बुआई, पौधों की नियमित देखभाल और विशेषज्ञों की सलाह से उत्पादन बेहतर मिल रहा है. पप्पू मेहता ने बताया कि खेती में पानी की बचत और पौधों को जरूरत के अनुसार पोषण देने के लिए वह ड्रिप इरिगेशन सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हैं.
इस तकनीक के माध्यम से सीधे पौधों की जड़ों तक पानी पहुंचाया जाता है. इतना ही नहीं, तरल खाद भी ड्रिप सिस्टम के जरिए ही पौधों की जड़ों तक पहुंचाई जाती है. इससे खाद का बेहतर उपयोग होता है और अनावश्यक छिड़काव की जरूरत नहीं पड़ती. आधुनिक सिंचाई पद्धति अपनाने से उन्हें खेती के काम में काफी सहूलियत मिल रही है.
किसान ने बताया कि फसल से उत्पादन शुरू होने के शुरुआती दिनों में प्रतिदिन दो से ढाई क्विंटल तक बरबट्टी मिलती थी. उस समय स्थानीय मंडी में बरबट्टी का भाव 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा था. इस हिसाब से वह प्रतिदिन लगभग पांच से छह हजार रुपये की बरबट्टी बेच रहे थे. बाजार के भाव और उत्पादन के अनुसार उनकी मासिक बिक्री औसतन एक से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच जाती थी. उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रतिदिन लगभग एक क्विंटल बरबट्टी का उत्पादन हो रहा है. पौधों की अच्छी देखभाल और रखरखाव के जरिए अगले छह से सात महीने तक नियमित रूप से उत्पादन मिलने की उम्मीद है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पप्पू मेहता ने बताया कि सब्जियों की खेती में केवल बीज लगाने से बेहतर उत्पादन नहीं मिलता, बल्कि नियमित देखभाल भी बेहद जरूरी है. वह प्रतिदिन सुबह और शाम खेत में जाकर पौधों की निगरानी करते हैं. किसी पत्ते पर कीटों का प्रकोप दिखाई देने पर तुरंत नियंत्रण के उपाय करते हैं और आवश्यकता के अनुसार कीटनाशक का इस्तेमाल करते हैं. इससे फसल को कीटों से बचाने और उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है.
पप्पू मेहता ने बताया कि खेती से होने वाली आमदनी ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को काफी मजबूत किया है. पहले जहां वह मजदूरी कर परिवार चलाते थे, वहीं अब खेती की कमाई से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिला रहे हैं. हाल ही में उन्होंने गांव में एक अच्छा मकान भी तैयार कराया है. इसके अलावा वह भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खेती से होने वाली आमदनी का कुछ हिस्सा बचत के रूप में भी रखते हैं.