भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कोडरमा में पहली बार निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, 40...


Last Updated:

Koderma Jagannath Rath Yatra: कोडरमा में पहली बार 19 जुलाई को इस्कॉन द्वारा भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी. इस मौके पर 40 फीट ऊंचा रिमोट ऑपरेटेड रथ मुख्य आकर्षण होगा. इसके आगे 100 से 150 फीट तक की रस्सियां लगी होंगी, जिन्हें हजारों श्रद्धालु एक साथ खीचेंगे.

ख़बरें फटाफट

कोडरमा. जिले के धार्मिक इतिहास में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है. आगामी 19 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में झुमरी तिलैया शहर में यह ऐतिहासिक रथ यात्रा निकाली जाएगी. इस्कॉन हजारीबाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. केशव आनंद दास ने बताया कि इस्कॉन द्वारा हर वर्ष हजारीबाग, चौपारण सहित कई स्थानों पर भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है.

इस वर्ष पहली बार कोडरमा की पावन धरती पर इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज को भक्ति, प्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है.

रिमोट ऑपरेटेड होगा पूरा रथ
इस बार यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण 40 फीट ऊंचा आधुनिक एवं हाईटेक रथ होगा, जिसे झारखंड के सबसे बड़े रथों में से एक माना जा रहा है. रथ को अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है और जरूरत पड़ने पर इसकी ऊंचाई लगभग 16 फीट तक कम की जा सकती है. यह रथ पूरी तरह रिमोट ऑपरेटेड होगा. इसकी चौड़ाई लगभग 12 फीट है और इसे जापानी सिल्क सहित आकर्षक सजावटी सामग्री से भव्य रूप दिया गया है.

श्रद्धालु खीचेंगे रथ
उन्होंने आगे बताया कि रथ के शीर्ष पर लगभग तीन फीट ऊंचा सुदर्शन चक्र स्थापित किया गया है, जबकि आगे चार घोड़ों की प्रतिकृति इसे और अधिक आकर्षक बनाएगी. रथ के दोनों ओर 100 से 150 फीट लंबी रस्सियां लगाई जाएंगी, जिन्हें हजारों श्रद्धालु एक साथ खींचते हुए भगवान श्री जगन्नाथ की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने बताया कि भगवान के रथ को खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.

इस रूट पर निकलेगी रथ यात्रा
रथ यात्रा दोपहर 3 बजे सुभाष चौक से शुरू होकर झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक, मौसीबाड़ी होते हुए संकट मोचन मंदिर तक पहुंचेगी. पूरे मार्ग में विभिन्न कीर्तन मंडलियां भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी. श्रद्धालुओं द्वारा हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सेवा की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है.

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें और कोडरमा में पहली बार आयोजित हो रहे इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top