{ उपायुक्त की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक हुई, बैडमिंटन कोच की नियुक्ति के दिए निर्देश भास्कर न्यूज | हजारीबाग उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियां बढ़ाने, खेल अधोसंरचना विकसित करने, आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कर्जन ग्राउंड स्थित खेल कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से चल रहे अन्य कार्यालयों को जल्द खाली कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, इससे खेल गतिविधियों के लिए जरूरी जगह और संसाधन मिलेंगे। बैठक में शूटिंग रेंज और तीरंदाजी के लिए आधुनिक इनडोर स्टेडियम बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों की जरूरत को देखते हुए उपायुक्त ने तुरंत 10 तीरंदाजी बोर्ड खरीदकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कर्जन मैदान की खेल संरचनाओं के विकास और आधुनिकीकरण के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने को कहा। बैडमिंटन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए डीएमएफटी मद से बैडमिंटन कोच की नियुक्ति का निर्देश दिया गया। फुटबॉल प्रशिक्षण की समीक्षा में उपायुक्त ने फुटबॉल कोच से कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए समर्पित प्रयास करें। प्रशिक्षण से जुड़ी जरूरत या समस्या की जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन को दें। आगामी प्रतियोगिताओं पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने 12 और 13 जुलाई को अंडर-19 और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता कराने का निर्देश दिया। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान अंडर-19 खिलाड़ियों के बीच रनिंग, हॉकी, फुटबॉल सहित कई खेल प्रतियोगिताएं होंगी। बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, खेल पदाधिकारी कैलाश राम, प्रशिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link