Last Updated:
Summer Vacation Activities For Kids: वैसे तो गर्मी की छुट्टियां बच्चों के लिए सबसे बेस्ट होती हैं. ऐसे में जमशेदपुर के डॉ महेश हेमराम ने सलाह दी है कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों का स्क्रीन टाइम घटाकर आउटडोर गेम, समर कैंप, ट्रिप, गांव भ्रमण और पौष्टिक खानपान पर जोर देना चाहिए. इससे बच्चे शारीरिक रूप से भी मजबूत रहेंगे.
जमशेदपुर: गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगती है. करीब 40 से 45 दिनों की इस छुट्टी को अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो यह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है. आज के समय में सबसे बड़ी चिंता यह है कि ज्यादातर बच्चे छुट्टियों में पूरा दिन मोबाइल फोन, गेम और शॉर्ट वीडियो देखने में बिताने लगे हैं. ऐसे में साइकेट्रिक डॉ. महेश हेमराम ने बच्चों के बेहतर विकास के लिए कई जरूरी बातें बताई हैं.
डॉ. हेमराम के अनुसार आज के समय में बच्चों के लिए फिजिकल एक्टिविटी बेहद जरूरी हो गई है. लगातार मोबाइल फोन चलाने से बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो रही है. कई बच्चे खाना खाते समय भी फोन देखते रहते हैं, जिससे उनका ध्यान और मानसिक विकास दोनों प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि बच्चों को सिर्फ समझाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि माता-पिता को भी खुद उदाहरण बनना होगा. अगर बच्चा 2 घंटे मोबाइल चला रहा है तो कहीं ना कहीं बड़े भी उससे ज्यादा समय फोन में बिता रहे होते हैं. इसलिए इस गर्मी की छुट्टी में पूरे परिवार को थोड़ा डिसिप्लिन में रहकर स्क्रीन टाइम कम करना चाहिए.
इस गेम से बच्चे शारीरिक रूप से रहेंगे मजबूत
उन्होंने बताया कि बच्चों को ज्यादा से ज्यादा बाहर खेलने के लिए प्रेरित करना चाहिए. क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, साइकिलिंग, दौड़ और अन्य आउटडोर गेम बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं. धूप, मिट्टी और बारिश से जुड़ाव बच्चों की इम्युनिटी और आत्मविश्वास दोनों बढ़ाता है. आज शहरों में कई समर कैंप भी शुरू हो चुके हैं, जहां बच्चे डांस, पेंटिंग, म्यूजिक, स्पोर्ट्स और नई स्किल्स सीख सकते हैं. ऐसे कैंप बच्चों की रचनात्मक सोच को बढ़ाने में मदद करते हैं.
लॉन्ग ड्राइव पर घुमाएं बच्चों को
इसके अलावा माता-पिता बच्चों को छोटी-छोटी ट्रिप और लॉन्ग ड्राइव पर भी लेकर जा सकते हैं. सफर के दौरान बच्चों को सड़क किनारे लगे पोस्टर, बोर्ड और होर्डिंग पढ़ने के लिए कहें. इससे उनकी भाषा, शब्द ज्ञान और ऑब्जर्वेशन पावर बेहतर होती है. अगर गांव नजदीक हो तो बच्चों को गांव जरूर लेकर जाएं. गांव का माहौल, खेत-खलिहान, पेड़-पौधे और पारंपरिक जीवन बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ता है और उन्हें वास्तविक जीवन को समझने का मौका देता है.
जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक से रखें दूर
खान-पान पर भी खास ध्यान देने की जरूरत है. इस मौसम में बच्चों को हरी सब्जियां, मौसमी फल, दही, छाछ और घर का पौष्टिक खाना देना चाहिए. जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक से दूरी बनाना जरूरी है. सही दिनचर्या, खेलकूद, पढ़ाई और परिवार के साथ समय बिताने से यह गर्मी की छुट्टी बच्चों के लिए यादगार और बेहद प्रोडक्टिव बन सकती है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें