Last Updated:
गर्मी में पौधों को झुलसने से बचाने के लिए उन्हें छाया या हरी जाली में रखें. पौधों को हमेशा शाम के समय पानी दें. लंबी जड़ वाले पौधों के पास बोतल गाड़कर पानी दें. मिट्टी में गोबर या पत्तों की खाद मिलाएं. इससे मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहेगी.
पलामूः गर्मी का मौसम आते ही कई पौधे झुलसने लगते हैं और उनकी पत्तियां मुरझाने लगती हैं. खासकर घर में उगाए जाने वाले गमले के पौधों पर यह असर अधिक दिखाई देता है. गर्मी का प्रभाव मुख्य रूप से दो तरीकों से पड़ता है, एक सीधे धूप के कारण और दूसरा हवा की गर्मी के कारण. अगर इन पर सही समय पर ध्यान दिया जाए तो पौधों को सुरक्षित रखा जा सकता है.
पलामू जिले के एक्सपर्ट डॉ. डीएस श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे पहले ध्यान दें कि पौधों को सीधी धूप से बचाना बेहद जरूरी है. घर में गमले में रखे पौधों को जहां संभव हो, छाया में रखें. इसके साथ बाजार में मिलने वाली हरी जाली का उपयोग भी कर सकते हैं, जिससे तेज धूप सीधे पौधे पर न पड़े. इसके बावजूद अगर पौधा मुरझा रहा है, तो इसका मतलब है कि गर्म हवा का असर पौधों पर पड़ रहा है. ऐसे में पौधों की पानी देने की तकनीक बदलना जरूरी है.
लंबी जड़ वाले पौधे का उपाय
आगे कहा कि गर्मी के दिनों में पौधों को शाम के समय पानी देना सबसे अच्छा उपाय है. लंबी जड़ वाले पौधों के लिए आप उनके पास जमीन में बोतल गाड़ सकते हैं और उसमें धीरे-धीरे पानी भर सकते हैं. इससे पानी धीरे-धीरे मिट्टी में जाकर जड़ों तक पहुंचेगा और पौधों को लंबे समय तक नमी मिलती रहेगी. रोजाना पानी देना जरूरी नहीं है, बल्कि सही समय पर और सही मात्रा में पानी देना ही पौधों के लिए फायदेमंद होता है.
आगे बताया कि इसके अलावा मिट्टी में कुछ प्राकृतिक तत्व मिलाने से पानी लंबे समय तक मिट्टी में रुकता है. इसके लिए गोबर की खाद या पत्तों की खाद डालना सबसे अच्छा उपाय है. पतझड़ में गिरे पत्तों को इकट्ठा करके पौधों के पास जमीन में लगा दें. समय के साथ ये पत्तियां सड़कर मिट्टी के लिए प्राकृतिक खाद बन जाएंगी. इससे मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ेगी और पानी भी पौधों के लिए उपलब्ध रहेगा.
उन्होंने कहा कि गर्मी में पौधों की सही देखभाल सिर्फ उनकी सुंदरता बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और जीवन को बढ़ाने के लिए भी जरूरी है. छोटे-छोटे उपाय, जैसे छाया देना, शाम को पानी देना और प्राकृतिक खाद का उपयोग, आपके पौधों को गर्मी की मार से बचाने में कारगर साबित होंगे. इन सरल तरीकों को अपनाकर आप अपने घर को हरियाली और ताजगी से भर सकते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.