CM Siddaramaiah Resignation: कर्नाटक की सियासत में आज एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पूरे राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया. मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की मुलाकात सिर्फ एक राजनीतिक बैठक नहीं रही, बल्कि उस पल ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं जब डीके शिवकुमार ने सिद्दारमैया के पैर छुए. राजनीति में ऐसे दृश्य बहुत कम देखने को मिलते हैं और जब आते हैं तो उसके कई सियासी मायने निकाले जाते हैं. कोई इसे सम्मान बता रहा है, तो कोई इसे सत्ता परिवर्तन से पहले ‘एकजुटता का बड़ा संदेश’ मान रहा है. दरअसल, लंबे समय से कर्नाटक में ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले को लेकर चर्चा चल रही थी और अब ये लगभग तय माना जा रहा है कि सिद्दारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. ऐसे में इस्तीफे से पहले डीके शिवकुमार का पैर छूना और फिर दोनों नेताओं का गले मिलना कांग्रेस के लिए एक बेहद अहम राजनीतिक तस्वीर बन गई. पार्टी शायद ये दिखाना चाहती है कि नेतृत्व में बदलाव अगर होता भी है तो वह बिना किसी टकराव और पूरी सहमति के साथ होगा. आज हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग भी इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि इसमें आगे की रणनीति और सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया पर चर्चा हुई.
