कोडरमा: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इन दिनों जिले में भक्तिमय माहौल बनने लगा है. छठ घाटों की तैयारियों के साथ ही छठी मैया की महिमा और भक्ति से जुड़े गीतों की गूंज भी सुनाई देने लगी है. इसी कड़ी में कोडरमा जिले के भजन गायक दीपक कुमार सिंह ने छठ महापर्व को समर्पित एक बेहद भावुक गीत एल्बम रिलीज किया है. इस गीत के माध्यम से उन्होंने छठी मैया के प्रति श्रद्धा, विश्वास और एक संतानहीन महिला की मन की पीड़ा को सुरों में पिरोने का प्रयास किया है. गीत में एक ऐसी महिला की व्यथा दिखाई गई है, जो संतान प्राप्ति की कामना लेकर छठी मैया के दरबार में गुहार लगाती है और अपनी सूनी गोद भरने की प्रार्थना करती है. दीपक कुमार सिंह ने विशेष बातचीत में बताया कि वह इससे पहले भी देवी माता समेत विभिन्न धार्मिक अवसरों पर कई भक्ति गीत तैयार कर चुके हैं. छठ महापर्व की विशेष महत्ता को देखते हुए इस बार उन्होंने अपने सहयोगी कलाकारों के साथ मिलकर एक ऐसा गीत तैयार करने का निर्णय लिया, जो छठी मैया के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाने के साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे. इसी सोच के साथ उन्होंने इस गीत एल्बम पर काम शुरू किया.
दो दिनों में तैयार किए गीत के बोल
गायक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी गीत को तैयार करने की शुरुआत उसके बोल यानी लिरिक्स से होती है. इस छठ गीत के बोल तैयार करने में उन्हें करीब दो दिनों का समय लगा. लिरिक्स तैयार होने के बाद उन्होंने इसकी धुन और संगीत पर काम किया. इसके बाद गीत की रिकॉर्डिंग बरही स्थित रोमियो स्टूडियो में की गई. पूरी प्रक्रिया में उनके साथ सहयोगी कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस गीत को दीपक सिंह म्यूजिक नामक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है. जहां श्रोता इसे सुन सकते हैं. गीत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और छठ महापर्व की धार्मिक भावना को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है.
कोडरमा के प्रशांत सिंह ने दिया संगीत
इस छठ गीत की एक खास बात यह भी है कि इसमें संगीत निर्देशन की जिम्मेदारी कोडरमा के रहने वाले म्यूजिक डायरेक्टर प्रशांत सिंह ने निभाई है. प्रशांत सिंह फिलहाल उत्तर प्रदेश में रहकर कई कलाकारों के लिए संगीत तैयार करने का काम कर रहे हैं. इसके बावजूद उन्होंने कोडरमा के गायक दीपक कुमार सिंह के इस धार्मिक गीत से जुड़कर अपना योगदान दिया. स्थानीय प्रतिभाओं के आपसी सहयोग से तैयार यह गीत जिले के कलाकारों के लिए भी एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है.
हजारीबाग और बरही के कलाकारों को मिला मौका
दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गीत एल्बम में अभिनय के लिए हजारीबाग और बरही के स्थानीय कलाकारों को शामिल किया गया है. उनका उद्देश्य केवल एक छठ गीत तैयार करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना था. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कई प्रतिभाशाली कलाकार मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच मिलने पर वे अपनी अलग पहचान बना सकते हैं. इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने गीत में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी.
गीत के जरिए दिखाई संतानहीन महिला की पीड़ा
गीत एल्बम की सबसे भावुक विशेषता इसकी कहानी और इसके बोल हैं. इसमें एक ऐसी महिला की मनोदशा को दर्शाया गया है, जिसकी गोद सूनी है और जिसे समाज के तानों का सामना करना पड़ता है. वह छठी मैया से संतान प्राप्ति की प्रार्थना करती है. गीत के बोल में महिला की पीड़ा, सामाजिक उपेक्षा और मां छठी के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाया गया है.
गीत के प्रमुख बोल हैं
छठ माई के घाट हम हू जाईब बन के कहरिया हो…
हे छठ माई लचकत तोहरो दुवारिया सौसे बहरिया न हो…
बांझिन करेली माई तोहसे पुकार हो,
एगो ललन बिना जिंदगी अंधार हो…
ताना मारेली दुनिया लागेली हमरो जहारिया न हो…
इन पंक्तियों के माध्यम से एक महिला की भावनाओं को अभिव्यक्त किया गया है, जो संतान नहीं होने के कारण समाज के ताने सुनती है, लेकिन छठी मैया के प्रति उसकी आस्था कमजोर नहीं पड़ती. वह पूरी श्रद्धा के साथ मां से अपनी मनोकामना पूरी करने की गुहार लगाती है. दीपक कुमार सिंह का कहना है कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, समर्पण और पारिवारिक सुख-समृद्धि का प्रतीक है. इसी भावना को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस गीत को तैयार किया है, ताकि श्रोता इसके माध्यम से छठी मैया की महिमा के साथ एक महिला की भावनाओं को भी महसूस कर सकें.