![]()
गुमला में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव सिमडेगा के वीरू जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप दोनों महिलाओं के पतियों पर है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है। मिनी प्रिया के पति शिव शंकर साहू और राधिका के पति नवीन साहू हैं। पुलिस ने बुधवार को वीरू जंगल से दोनों महिलाओं के शव बरामद किए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल एंबुलेंस जब्त कर ली है। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। लंबे समय से चल रहा था वैवाहिक विवाद जानकारी के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद शिव शंकर और नवीन अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर समसेरा स्थित घर चले गए थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका संपर्क टूट गया। परिजनों को दोनों महिलाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। एंबुलेंस से शव ले जाकर जंगल में दफनाया आरोप है कि घर में दोबारा विवाद होने के बाद दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों की हत्या कर दी। इसके बाद शवों को ठिकाने लगाने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया। एंबुलेंस चालक शिव शंकर ने दोनों शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा के वीरू जंगल पहुंचाया। वहां दोनों को दफना दिया गया। मंगलवार को दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बेटे के साथ गुमला थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दोनों महिलाओं के लापता होने की जानकारी दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की। पूछताछ में शिव शंकर ने कथित तौर पर हत्या और शवों को जंगल में दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस जब्त कर ली। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। रात में नहीं मिले शव, बुधवार को हुई बरामदगी आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार रात पुलिस टीम वीरू जंगल पहुंची और शवों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुधवार सुबह तीन सदस्यीय टीम गठित कर दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जंगल में दफन दोनों महिलाओं के शव बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शव मिलने की सूचना पर परिजन आक्रोशित होकर सदर थाने पहुंचे। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link