![]()
भास्कर न्यूज | बागडेहरी कुंडहित प्रखंड के प्लस टू हाई स्कूल, कुंडहित के प्रशाल भवन में गुरुवार को शिक्षक-शिक्षिकाओं की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) मिलन कुमार घोष ने की। दीप प्रज्वलन के साथ बैठक शुरू हुई। बैठक में विद्यालयों के संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक बिंदुओं की समीक्षा की गई। बीईईओ मिलन कुमार घोष ने शिक्षकों से निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। गुरु गोष्ठी में अपार आईडी, शिशु पंजी, यू-डाइस, प्रयास कार्यक्रम, सावित्रीबाई फुले योजना, पोशाक मांग सूची, स्कूल ग्रांट, ईको क्लब, एसएचडब्ल्यूपी, पोषण वाटिका, विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, साफ-सफाई, घंटी व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन योजना सहित कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बीईईओ ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में मध्यान्ह भोजन योजना बाधित नहीं होनी चाहिए। एमडीएम एसएमएस पोर्टल पर समय पर जानकारी अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने सोशल ऑडिट के माध्यम से पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक में ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने, लंबित अपार आईडी कार्य शीघ्र पूरा करने, विद्यालयी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों से सामाजिक कुरीतियों, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, दहेज उन्मूलन जैसे विषयों पर भी बच्चों को जागरूक करने को कहा गया। मौके पर बीआरपी वरुण घोष, सीआरपी सदानंद रक्षित, प्रदीप चक्रवर्ती, हिमाद्री शेखर, संजीत मिस्त्री के अलावे आसपास के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
Source link