![]()
गोड्डा में बीते 8 जुलाई को हुए बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई नकदी, गलाए हुए सोने के जेवर और घटना में प्रयुक्त हथियार व बाइक भी बरामद की है। लूटकांड का मास्टरमाइंड अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत यादव (24) और राजेश यादव (38) के रूप में हुई है। अजीत यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बीते 8 जुलाई को तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स के मालिक बासुदेव रॉय को हथियार का भय दिखाकर और फायरिंग कर दुकान से आभूषण व नगदी लूटी थी। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, चार गोलियां, कुल 41,500 रुपए नगद और लूटी गई नकदी व सोने के जेवर को गलाकर बनाए गए सोने के टुकड़े विधिवत जब्त किए गए। जब्त सोने के टुकड़ों का वजन करीब 39.85 ग्राम और 0.08 ग्राम है। गोड्डा एसपी ने बताया कि इस गिरोह ने दुमका, देवघर, जामताड़ा और बांका सहित आसपास के कई जिलों में ज्वेलरी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। यह गिरोह अब तक पकड़ा नहीं गया था।
Source link