![]()
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पंकरी बरवाडीह गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 85 वर्षीय वृद्ध महिला मगनी मोसोमात की अपराधियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी। मृतका स्वर्गीय चौधरी साव की पत्नी थीं। घर में अकेली रहती थीं। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात अपराधी उनके घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां वृद्धा का शव घर के भीतर पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। हाथ के गहने गायब, लूट के बाद हत्या की आशंका घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि मगनी मोसोमात के हाथों में चांदी के कुछ गहने थे, जो घटना के बाद से गायब हैं। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने लूटपाट की मंशा से घर में घुसे और विरोध करने पर वृद्धा की हत्या कर दी। मृतका के दो पुत्र हैं, जो अलग-अलग जगहों पर रहते हैं। वृद्धा घर में अकेली रहती थीं। इस कारण अपराधियों ने उन्हें आसान निशाना बनाया। मृतका के बड़े पुत्र पचू साव ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि परिवार को फिलहाल किसी पर सीधा संदेह नहीं है। टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से हुई जांच घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाकर जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए हर संभव पहलू पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link