![]()
चतरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवागड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी भराई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से 28 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गांव निवासी विजय दांगी का पुत्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मनीष अपने खेत में मिट्टी भरने का काम कर रहा था। वह ट्रैक्टर में मिट्टी लादकर उसे दूसरी जगह गिराने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और उसका अगला हिस्सा ऊपर की ओर उठ गया। इससे पहले कि मनीष कुछ समझ पाता, वह ट्रैक्टर के भारी इंजन की चपेट में आ गया और उसके नीचे दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- संभलने का मौका नहीं मिला घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मनीष जैसे ही मिट्टी को अनलोड करने की तैयारी में था, तभी अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। भारी-भरकम इंजन आगे से हवा में उठ गया और मनीष उसके नीचे दब गया। हादसा इतना तेज और अचानक हुआ कि उसे संभलने का कोई मौका नहीं मिला। इंजन के नीचे दबने से उसके सिर और शरीर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने का इंतजार कर रही है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। इस असमय हुई मौत से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link