![]()
चतरा में सर्पदंश से एक 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला ने सांप के काटने को मामूली कीड़े का डंक समझकर नजरअंदाज कर दिया, जिसके बाद जहर फैलने से उसकी जान चली गई। यह मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र के उरैली गांव का है। गांव के रवि कुमार यादव की पत्नी रंजू कुमारी (39) बुधवार देर रात शौच के लिए घर से बाहर खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान अंधेरे में उन्हें एक विषैले सांप ने डस लिया। रंजू कुमारी ने इसे मामूली कीड़े का काटना समझा और घर आकर सो गईं। सुबह जब वह नहीं उठीं, तो परिवार को घटना का पता चला। जहर पूरे शरीर में फैलने के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद रंजू कुमारी के तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। रंजू को लगा कि अंधेरे में किसी चींटी या कीड़े ने काटा है। उन्होंने इस बात की गंभीरता को नहीं समझा, परिवार में किसी को जानकारी नहीं दी और रात में खाना खाकर आराम से सो गईं। यही अनजाने में हुई लापरवाही उनकी मौत का कारण बन गई। रात भर सोने के कारण सांप का जहर उनके पूरे शरीर में फैल गया। मृतका के पति रवि कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार की सुबह जब बच्चों ने अपनी मां को उठाने की कोशिश की तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थीं। घबराए परिजन आनन-फानन में उन्हें हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सक रंजू कुमारी को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद उरैली गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के दो बेटे और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
Source link