![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह बिरनी थाना क्षेत्र के चान्हों गांव में शनिवार सुबह करीब 8 बजे जमीन जोताई को लेकर दो चचेरे भाइयों के परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे, टांगी और ईंट-पत्थर चलने से महिलाओं समेत दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। एक पक्ष के घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल और दूसरे पक्ष के घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी में भर्ती कराया गया है। सदर अस्पताल में इलाजरत एक पक्ष की देवंती देवी (42, पति बनवारी रजक) ने बताया कि वे अपने हिस्से की जमीन जोत रहे थे। तभी उनके चचेरे जेठ मिथिलेश रजक, उनकी पत्नी देवंती देवी और बेटी ममता कुमारी पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। बचाव करने आए सुनील रजक पर टांगी से हमला किया गया। घटना में देवंती देवी, सुनील रजक, मंजू देवी (35), शम्मी देवी (25) और बबलू रजक (40) घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के मिथिलेश रजक ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि देवंती देवी उनके हिस्से की जमीन पर जबरन जोताई कर रही थीं। मना करने पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें और बचाव करने आई उनकी पत्नी को घायल कर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ दोनों का इलाज चल रहा है। बिरनी पीएचसी में मिथिलेश रजक व उनकी पत्नी देवंती देवी का इलाज चल रहा है। बिरनी थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से आवेदन मिला है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के संदर्भ में दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आवेदनों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link