Last Updated:
छठ महापर्व में प्रसाद पकाने के लिए आम की लकड़ी का बड़े पैमाने पर लोग उपयोग करते हैं. इस परंपरा को क्यों बनाया गया और इसके पीछे की सोच और उद्देश्य क्या था इसकी जानकारी तलाशना भले ही मेहनत का काम हो लेकिन, लकड़ी में खाना पकाने के फायदे पर्यावरणविद डॉ कौशल किशोर जायसवाल ने बताया है. उन्होंने इस परंपरा का उद्देश्य और संदेश भी बताया है.
पलामू: लोक आस्था का महापर्व छठ केवल सूर्योपासना और छठी मैया की आराधना का पर्व नहीं है, बल्कि इसे प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के त्योहार के रूप में भी मनाया जाता है. इस पर्व में इस्तेमाल होने वाली हर सामग्री का अपना विशेष महत्व है. इन्हीं में से एक है आम की लकड़ी, जिसका उपयोग छठ पूजा के दौरान प्रसाद तैयार करने में किया जाता है. खासकर खरना के दिन बनने वाली गुड़ की खीर और अन्य प्रसाद को पकाने के लिए आम की लकड़ी का इस्तेमाल करने की परंपरा रही है. आम की लकड़ी को पवित्र माना जाता है और इससे बने प्रसाद को विशेष महत्व दिया जाता है.
पर्यावरणविद डॉ० कौशल किशोर जायसवाल ने बताया कि इस परंपरा के पीछे प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जुड़ा हुआ है. आम का पेड़ पर्यावरण के लिए काफी उपयोगी होता है. पेड़ अपने जीवनकाल में प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया के माध्यम से वातावरण से कार्बन डाईऑक्साइड ग्रहण करता है और ऑक्सीजन छोड़ता है. इस तरह पेड़ धरती के पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. पूर्वजों ने छठ जैसे प्रकृति आधारित पर्व में पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों को विशेष स्थान देकर प्रकृति के महत्व को समझाने का प्रयास किया है. आम की लकड़ी के इस्तेमाल को भी इसी परंपरा से जोड़कर देखा जाता है.
उन्होंने बताया कि मान्यता है कि आम की सूखी लकड़ी जलाने से वातावरण शुद्ध होता है. आम की लकड़ी में मौजूद प्राकृतिक तत्वों और उसके जलने से निकलने वाले धुएं को लेकर भी पारंपरिक रूप से कई धारणाएं प्रचलित हैं. उन्होंने कहा कि आम की लकड़ी जलाने से सभी प्रकार के वायरस नष्ट हो जाते हैं और वातावरण का प्रदूषण खत्म हो जाता है. लकड़ी जलाने से धुआं और सूक्ष्म कण भी निकलते हैं, जो वायु प्रदूषण बढ़ा सकते हैं.
छठ महापर्व में आम की लकड़ी के इस्तेमाल का उद्देश्य केवल प्रसाद पकाना नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ मनुष्य के जुड़ाव को भी दर्शाना है. इस पर्व में बांस की सूप, डाला, मौसमी फल, गन्ना, नारियल और मिट्टी के चूल्हे जैसी प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग किया जाता है. इन सभी सामग्रियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण का संदेश मिलता है. यही वजह है कि छठ को पूर्ण रूप से प्रकृति से जुड़ा महापर्व कहा जाता है. पूर्वजों की बनाई परंपराएं आज भी नई पीढ़ी को प्रकृति, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का एहसास कराती हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…