भास्कर न्यूज| चाईबासा महिला कॉलेज, चाईबासा के बहुउद्देशीय भवन में गुरुवार को दीपावली एवं छठ महापर्व की पूर्व संध्या पर दोनों पर्वों को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंजना प्रेमा वंदना खालखो तथा उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा दीप प्रज्वलन और सर्वधर्म प्रार्थना के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने दीपावली पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। इसके माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है। यह अपने अंतर्मन के अंधकार को दूर करने का संदेश भी देती है। यह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश भी देती है। वहीं, छात्राओं ने छठ महापर्व की जीवंत एवं मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से छठ पूजा के उद्देश्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व, पूजा की विभिन्न प्रक्रियाएं तथा इसकी विशेषताएं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की गईं। इससे छात्राएं इस लोक आस्था के महापर्व से परिचित हुईं। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अंजना प्रेमा वंदना खालखो ने सभी छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं महाविद्यालय परिवार को दीपावली एवं छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष विकास मिश्रा, बी.एड. विभागाध्यक्ष मोबारक करीम हाशमी, डॉ. राजीव लोचन नामता, डॉ. ओनिमा मानकी, डॉ. बबीता कुमारी, शीला समद, प्रीति देवगम मौजूद थीं।
Source link