Last Updated:
Jamshedpur Women Trio Handmade Jewelry Business: सरायकेला-खरसावां जिले के हाता की रहने वाली नीलम सोरेन, रूतन बिरुआ और मालती सरदार ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर एक सफल पहचान बनाई है. इन तीनों महिलाओं ने अप्रैल 2023 में ‘नीलम क्रिएशन’ के नाम से हैंडमेड क्राफ्ट और फैशन ज्वेलरी का व्यवसाय शुरू किया. शुरुआत में इनके उत्पादों की पहुंच केवल स्थानीय बाजार तक ही थी, लेकिन लगातार मेहनत और नए डिजाइन की वजह से धीरे-धीरे लोगों का भरोसा इन पर बढ़ता गया. आज इनका नाम क्षेत्र की सफल महिला उद्यमियों में लिया जा रहा है.
नीलम क्रिएशन में हैंडमेड नेकलेस सेट, हैंड एम्ब्रॉयडरी ईयररिंग्स, स्टोन ब्रेसलेट, कश्मीरी वॉच, स्टिच वॉल पेंटिंग, टोट बैग, जूट और कैनवास बैग, रंग-बिरंगी चूड़ियां तथा ऑक्साइड झुमके तैयार किए जाते हैं. हर उत्पाद को हाथों से बड़ी बारीकी और आकर्षक डिजाइन के साथ बनाया जाता है. यही वजह है कि इनके उत्पाद ग्राहकों को काफी पसंद आ रहे हैं.
इनका मुख्य लक्ष्य युवाओं, खासकर कॉलेज जाने वाली छात्राओं और ऑफिस जाने वाली महिलाओं को कम कीमत में स्टाइलिश और आकर्षक ज्वेलरी उपलब्ध कराना है. बढ़ती महंगाई के दौर में जहां सोने और महंगी ज्वेलरी खरीदना हर किसी के लिए आसान नहीं है, वहीं नीलम क्रिएशन कम बजट में फैशनेबल और ट्रेंडी विकल्प उपलब्ध करा रहा है. यही कारण है कि युवतियों के बीच इनके उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है.
शुरुआत में इनका कारोबार सीमित था, लेकिन फरवरी 2026 से सोशल मीडिया ने इनके व्यवसाय को नई पहचान दिलाई. इन्होंने अपने उत्पादों की तस्वीरें और वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करना शुरू किया. इसके बाद ऑनलाइन ऑर्डर मिलने लगे और झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी ग्राहक जुड़ने लगे. सोशल मीडिया के माध्यम से इन्हें बड़ा बाजार मिला, जिससे इनके व्यवसाय में तेजी से वृद्धि हुई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आज नीलम क्रिएशन के जरिए नीलम सोरेन, रूतन बिरुआ और मालती सरदार हर महीने लगभग ₹1.25 लाख की बिक्री कर रही हैं. इस सफलता ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि आसपास की कई महिलाओं को भी स्वरोजगार की ओर प्रेरित किया है. उनका कहना है कि अगर किसी के पास हुनर, मेहनत और कुछ नया करने का जज्बा हो, तो सोशल मीडिया उसके काम को देशभर के ग्राहकों तक पहुंचा सकता है.
इन तीनों महिलाओं की सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों और गांवों की महिलाएं भी अपने हुनर के दम पर बड़ी पहचान बना सकती हैं. नीलम क्रिएशन आज केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है.