भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जमशेदपुर में सरकारी शराब दुकान का विरोध:मंदिर, स्कूल और ट्यूशन सेंटर के...




जमशेदपुर में प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान के खिलाफ सोमवार रात बस्तीवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के समीप दुकान खोले जाने के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर कहा कि किसी भी कीमत पर रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोलने नहीं दी जाएगी। देर रात तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। शराब दुकान खोलने पर आपत्ति स्थानीय निवासी नलिनी सिन्हा ने बताया कि जहां शराब दुकान प्रस्तावित है, वह पूरी तरह से रिहायशी क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस इलाके में बच्चों की आबादी भी काफी अधिक है। जिससे सामाजिक माहौल पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित दुकान से महज 100 मीटर की दूरी पर विंध्यवासिनी मंदिर स्थित है। इसके अलावा सेंट जॉन इंग्लिश हाई स्कूल और कई ट्यूशन सेंटर भी आसपास संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके की लगभग 60 प्रतिशत आबादी बच्चों की है, ऐसे में शराब दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण बिगड़ने की आशंका है। उनका कहना है कि दुकान शुरू होने के बाद नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगेगा, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। साथ ही क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। लोगों ने यह भी कहा कि शहर में पहले से ही अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में इस तरह का निर्णय स्थिति को और बिगाड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top