![]()
चतरा के प्रतापपुर बाजार में मंगलवार की रात जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। शुरुआत में मामूली कहासुनी से हुई। विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते सड़क पर ईंट-पत्थर चलने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागकर शरण ली। स्थानीय लोगों के अनुसार, झड़प इतनी तेजी से हुआ कि कुछ देर के लिए पूरा बाजार क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस दौरान कई दुकानों के शटर गिरा दिए गए। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखें… महिलाएं सहित आधा दर्जन घायल इस हिंसक झड़प और पत्थरबाजी में महिलाओं सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उपद्रव के दौरान बाजार की कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सैलून का शीशा पूरी तरह टूटकर चकनाचूर हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया। लोग देर रात तक घरों में दुबके रहे। स्थानीय युवक ऋषि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद चल रहा था, जो मंगलवार की शाम अचानक भड़क उठा। पुलिस ने संभाला मोर्चा, निषेधाज्ञा लागू घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़ते हुए हालात पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे बाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्ती की जा रही है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विवादित जमीन को सील कर दिया है। अनुमंडल दंडाधिकारी के निर्देश पर इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link