![]()
भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने गुम हुए 48 मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद सोमवार को वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए लगातार तकनीकी अनुसंधान और कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत कुल 48 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जयराजू ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों के सहयोग से मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। बरामद सभी मोबाइल फोन प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी राजकुमार जयराजू, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक, पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय से अपने गुम मोबाइल फोन की तलाश कर रहे धारकों को जब उनके फोन वापस मिले, तो सभी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जयराजू ने कहा कि यह अभियान जनता के विश्वास और सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। खरसावां। खरसावां वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। रविवार रात लाल बाजार गांव में एक जंगली हाथी घुस आया। हाथी ने नव प्राथमिक विद्यालय लाल बाजार को निशाना बनाया। आधी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच स्कूल परिसर में प्रवेश कर उसने रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद स्कूल कार्यालय की खिड़की तोड़कर अंदर रखे सामान तक पहुंचने की कोशिश की। इसी दौरान हाथी ने बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखा एक बोरा चावल खा लिया। सुबह स्कूल खुलने पर नुकसान का पता चला। घटना के बाद ग्रामीणों और विद्यालय से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ी है। ग्रामीणों ने रात में सतर्क रहने और हाथियों के पास न जाने की अपील की है। सरायकेला। राजनगर प्रखंड स्थित बनकटी गांव में खेल मैदानों को नशामुक्त बनाने की पहल शुरू की गई है। आदिवासी किसान क्लब ने पंचायत से प्रखंड स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मुखिया निमाई सोरेन के नेतृत्व में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली फुटबॉल व अन्य खेल प्रतियोगिताओं में नशे की बिक्री और खपत पर रोक लगाने की योजना है। नशा सेवन कर प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। क्लब अध्यक्ष देव कुमार सोरेन और सचिव सालखान हेंब्रम ने बताया कि ग्रामीणों की बैठक में सहमति से फैसला हुआ। सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने शंकर सोय के साथ अनुमंडल कार्यालय जाकर प्रशासन से सहयोग मांगा।
Source link