![]()
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर सख्त कार्रवाई का फैसला लिया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने निर्देश दिया कि यदि किसी भारी वाहन की वजह से सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत होती है तो चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए और संबंधित वाहन जब्त किया जाए। बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी को हेलमेट जांच, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस विभाग को भी वाहन जांच और नियमों के अनुपालन के लिए नियमित कार्रवाई करने को कहा गया। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के खनन क्षेत्र में चलने वाले ट्रकों के लिए अलग निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने सभी ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाने, बॉक्साइट परिवहन के दौरान तिरपाल से ढंकने और रिफ्लेक्टिव टेप लगाने को अनिवार्य बताया। ट्रक चालकों के पास भारी वाहन चलाने का वैध लाइसेंस होने की जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया। हिंडाल्को ट्रकों के आवागमन से क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायतों की जांच अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति से जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों के आसपास सड़क सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिन स्कूलों के सामने रंबल स्ट्रिप की जरूरत है, उन्हें चिन्हित करने और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े पदाधिकारियों को छूटे स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए। रोड सेफ्टी मैनेजर ने जिले के ब्लैक स्पॉट की जानकारी रखी। हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के बाद संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। कुडू-चंदवा पथ पर सड़क किनारे झुकी डालियों को काटकर हटाने को कहा गया ताकि दुर्घटना का जोखिम कम हो। नगर क्षेत्र के अपर बाजार और ईस्ट गोला रोड में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए नगर परिषद को नो-पार्किंग और पार्किंग के स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। उत्पाद अधीक्षक को अवैध देशी शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ नियमित कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग और अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार मौजूद रहे।
Source link