![]()
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, लोहरदगा में सर्वाधिक 29 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, हालांकि उमस बनी हुई है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बादलों के कारण तापमान नियंत्रित रहा। मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। आज 18 जिलों में बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने गुरुवार को रांची, दुमका, जामताड़ा समेत कुल 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में रुक-रुक कर बारिश होगी। गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर पूर्वी और दक्षिणी झारखंड के इलाकों में वज्रपात का खतरा अधिक बताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। आज संथाल परगना में भी अच्छी बारिश के आसार मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आज संताल परगना के गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर और जामताड़ा जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं, 12 और 13 जुलाई को रांची सहित लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं, गर्जन और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पलामू के इलाके में 34 डिग्री तक जाएगा पारा खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक उड़ान रद्द कर दी गई। जबकि दिल्ली और कोलकाता से आने वाली उड़ानें देरी से पहुंचीं। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने कहा है कि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के कुछ हिस्सों में बादलों के बीच धूप निकलने से अधिक गर्मी महसूस हो सकती है, जहां तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। राज्य में न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
Source link