रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. कई जिलों में बादल, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है. अब झारखड में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है. राजधानी रांची समेत कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. अब कहा जा सकता है कि झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है. वहीं, कई जिलों में एसी-कूलर चलाने की जरूरत भी खत्म हो गई है. रांची मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 5 नवंबर के बीच झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. कुछ जिलों में बादल और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि कई इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
जानें आज झारखंड के किन जिलों में होगी बारिश
मौसम केंद्र रांची के 31 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 1 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक झारखंड के सभी 24 जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई थी. इसमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, चतरा, गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं. हालांकि, यह पूर्वानुमान सुबह 8:30 बजे तक का है। इसका मतलब यह नहीं है कि सभी जिलों में पूरे दिन बारिश होगी. कई जगहों पर मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना भी है.
झारखंड मौसम अपडेट
जानें आंधी-तूफान और वज्रपात का कितना है खतरा
बारिश के साथ मेघ गर्जन और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए. हालांकि 1 नवंबर के लिए किसी खास जिले में आंधी और वज्रपात का अलग-अलग अलर्ट नहीं जारी है.
जानें बारिश के बाद कितना गिरा तापमान
झारखंड में बारिश का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया है. रांची में 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम था. दो दिनों में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री से अधिक की गिरावट हुई है. 31 अक्टूबर के IMD रिकॉर्ड में रांची का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया. डालटनगंज में अधिकतम 28.6 और न्यूनतम 21 डिग्री रहा. वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
झारखंड में बारिश से बदला मौसम का मिजाज
जानें रांची, पलामू, बोकारो समेत 6 शहरों का तापमान
झारखंड में मौसम के उतार चढ़ाव के बीच कई जिलों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई है. रांची का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 28.5°C-20°C, पलामू का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 28.6°C-21°C, बोकारो का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 30°C-22°C, हजारीबाग का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 26.4°C-19.9°C, जमशेदपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 31.2°C- 22.6°C, रामगढ़ का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 29°C-21°C तक पहुंच गया है.
जानें 1 से 5 नवंबर तक कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
1 और 2 नवंबर को बादल और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. 3 नवंबर को भी मौसम में बदलाव हो सकता है. जबकि 4 नवंबर को मेघ गर्जन और बिजली चमकने की आशंका है. इसके अलावा 5 नवंबर को सुबह कुहासा और बाद में मुख्य रूप से साफ मौसम रहने का अनुमान है. वहीं, जमशेदपुर में 1 से 4 नवंबर तक अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
क्या झारखंड में बंद हो जाएंगे एसी और कूलर
बारिश और तापमान में गिरावट के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है. खासकर रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और पलामू में सुबह और रात के समय मौसम सुहावना हो सकता है. ऐसे में एसी और कूलर का इस्तेमाल कम होने की संभावना है. हालांकि जमशेदपुर और संथाल परगना के कुछ इलाकों में दिन का तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक रह सकता है.
जानें छठ पूजा पर कैसा रहेगा झारखंड का मौसम
छठ पूजा के दौरान मौसम को लेकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है. इस बार घाटों पर सुबह के अर्घ्य के समय ठंड और कुहासे का असर महसूस हो सकता है. हालांकि छठ पूजा की वास्तविक तारीखों पर बारिश, बादल, कुहासा और तापमान की स्थिति का आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.