![]()
दिवाली पर इस बार झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। सुबह हल्के कोहरे और कुहासे के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। हालांकि, कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिवाली और उसके बाद मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वहीं, तापमान में गिरावट के कारण रात और सुबह ठंड का एहसास बढ़ेगा। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद मौसम में फिर बदलाव की संभावना है। तीन दिनों तक गिरेगा तापमान, रात में बढ़ेगी ठंड मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक कमी आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी। हालांकि, इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी रांची में भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 5 नवंबर को यहां अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 6 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री रहा। शुक्रवार को रांची के न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 27.7 और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 9 नवंबर से बारिश का दौर, पूर्वी जिलों में ज्यादा असर मौसम विभाग ने 9 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इस दिन उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन की भी आशंका है। 10 नवंबर को पूर्वी झारखंड के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश के आसार हैं। वहीं, 11 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह समेत कई जिलों में सुबह कुहासा छाने के बाद बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। रांची में 27 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान राजधानी में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा। 7 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 8 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है। 9 नवंबर को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 10 और 11 नवंबर को भी सुबह कोहरा तथा दिन में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। 12 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद 13 नवंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग ने 7 से 11 नवंबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
Source link