![]()
रांची में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ घट रही है। रात में हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में देर रात तक बिजली बाधित रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राजधानी का तापमान और बढ़ सकता है। 23 मई को तापमान 40 डिग्री, 24 मई को 41 डिग्री और 25 मई को 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।इधर, राज्य में डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को गढ़वा, पलामू और चतरा में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। छतरपुर में लू लगने से दो अधेड़ों की मौत भीषण गर्मी और लू से छतरपुर में दो लोगों की मौत हो गई। बचकोमा गांव स्थित दुमुहान जंगल में शुक्रवार को भदई भुइंया (50) का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, भीषण गर्मी और खुले जंगल में रहने के कारण उनकी मौत हुई है। वहीं कवलवास बालिका उच्च विद्यालय के पीछे डोम अहरा के समीप मिले शव की पहचान विनोद राम (50) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, विनोद राम को लू लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। उबला देश, सुबह 10:50 बजे दुनिया के 50 सबसे गर्म शहर भारत के ही भीषण गर्मी झेल रहे भारत में शुक्रवार सुबह असामान्य रिकॉर्ड दर्ज किया गया। दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी शहर भारत के रहे। एयर क्वालिटी और मौसम ट्रैकर एक्यूआई.इन के मुताबिक सुबह 10:50 बजे ओडिशा का बलांगीर 45 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद चंद्रपुर और प्रयागराज में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हरियाणा और तेलंगाना के कई शहर दोपहर से पहले ही 42 से 44 डिग्री तक पहुंच गए। अकेले उत्तरप्रदेश के 22 शहर गर्म शहरों की सूची में थे। करीब 22 बड़े शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दोपहर होते-होते विदर्भ के ब्रह्मपुरी में देश का सबसे अधिक 47.2 डिग्री पारा दर्ज हुआ। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले कुछ दिन गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है। ओडिशा से लेकर विदर्भ, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार तक फैले इलाके में विशाल ‘हीट डोम’ जैसी स्थिति बनी हुई है। 23 मई : गढ़वा, पलामू और चतरा जिले में कहीं-कहीं हीटवेव चलेगी। 24 से 26 मई : गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो सहित गढ़वा, पलामू और चतरा में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 27 मई : रांची, गढ़वा, पलामू व चतरा में लू चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी. होगी।
Source link