![]()
साहिबगंज में रविवार देर रात करीब दो बजे पुराने विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। बोकारो जिला बल में तैनात पुलिस कांस्टेबल पवन साह ने कथित रूप से अपने ही मोहल्ले के टेंट-कैटरर्स व्यवसायी मुन्ना साह को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना शहर के केलाबाड़ी पोखरिया काली स्थान पूर्वी फाटक के पास हुई। परिजनों के अनुसार, मुन्ना साह और पवन साह के बीच करीब तीन माह पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद को लेकर रविवार देर रात दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद पवन साह ने पूर्वी फाटक के पास काली स्थान के पास मुन्ना साह को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बाहर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी पुलिस जवान गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी बोकारो जिला बल में तैनात जवान पवन साह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में देवघर में पदस्थापित हवलदार रूपक पासवान को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने संभाली जांच घटना के बाद पुलिस ने मौके और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, नगर पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता एवं जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह मामले की लगातार जांच कर रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मुन्ना साह की मौत हो गई है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया। -रविकांत साव, डीएसपी मुख्यालय
Source link