Last Updated:
देवउठनी एकादशी के बाद शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो रहे हैं. चार महीने की योग निद्रा के बाद भगवान विष्णु जागेंगे. साल 2026 के नवंबर और दिसंबर महीने में कुल पंद्रह लग्न बचे हैं. इसके बाद खरमास शुरू हो जाएगा. कम तिथियां होने से मैरिज हॉल और बैंड-बाजे की बुकिंग तेज हो गई है.
देवघरः एक बार फिर शादी-विवाह की तैयारियां शुरू होने वाली हैं. घरों में शहनाई बजने वाली है, कहीं शादी के कार्ड छपने की तैयारी है तो कहीं बैंड-बाजा और मैरिज हॉल की बुकिंग को लेकर भागदौड़ शुरू हो गई है. दरअसल, देवउठनी एकादशी के साथ ही भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जाग जाएंगे. इसके बाद शादी-विवाह समेत तमाम मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी. लेकिन इस बार शादी करने वाले परिवारों के लिए थोड़ी परेशानी भी है, क्योंकि साल 2026 में विवाह के शुभ मुहूर्त अब गिनती के ही बचे हैं. नवंबर और दिसंबर महीने में ही शादी के लिए कुछ खास तिथियां मिल रही हैं. ऐसे में अगर आपके घर में भी शादी की तैयारी चल रही है तो देवघर के ज्योतिषाचार्य से तिथि और शुभ मुहूर्त जान लीजिए?
क्या कहते हैं देवघर के ज्योतिषाचार्य
इस संबंध में देवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुद्गल ने लोकल 18 को बताया कि कुछ ही दिनों में देवउठनी एकादशी आने वाली है. इस दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागेंगे. इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाएगा और शादी-विवाह, मुंडन, जनेऊ जैसे मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे. ज्योतिषाचार्य के मुताबिक इस साल 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी. इसके बाद विवाह के लग्न शुरू होंगे, लेकिन इस बार शुभ मुहूर्त की संख्या काफी कम है.
इन तिथियों में करें विवाह
पंडित नंद किशोर मुद्गल ने बताया कि नवंबर महीने में विवाह के लिए 21, 22, 24, 25, 26 और 30 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं. वहीं दिसंबर महीने में 2, 3, 4, 5, 6,7,8 11 और 12 दिसंबर को शादी-विवाह के लिए शुभ तिथियां बन रही हैं. यानी नवंबर और दिसंबर को मिलाकर साल 2026 में विवाह के सिर्फ 15 लग्न ही शेष बचे हैं. इसके बाद सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिसे खरमास की शुरुआत माना जाता है. खरमास के दौरान शादी-विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं. इसके बाद पौष महीना समाप्त होने पर ही फिर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे.
साल 2026 में बेहद कम लग्न हैं बाकी
ऐसे में देवघर समेत आसपास के इलाकों में जिन परिवारों के घर शादी की तैयारी चल रही है, उनके लिए नवंबर और दिसंबर के ये दिन काफी खास रहने वाले हैं. कम लग्न होने की वजह से शादी की तारीख तय करने से लेकर मैरिज हॉल, बैंड-बाजा और दूसरी तैयारियों तक में पहले से योजना बनाना जरूरी होगा.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…