![]()
हजारीबाग के चौपारण स्थित कुख्यात दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां जीटी रोड पर शव लेकर वाराणसी जा रहे एक सवारी वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घायलों में चार की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सवारी वाहन में 20 लोग सवार थे
दरअसल, गिरिडीह स्थित बगोदर प्रखंड के अटका से एक शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था। सवारी वाहन में 20 लोग सवार थे। इसी दौरान जब वाहन चौपारण की दनुआ घाटी के पास जीटी रोड से गुजर रहा था, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने की मदद
लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग करते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने हादसे में पांच लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग भेज दिया गया है। इधर, दनुआ घाटी में हुए इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर जीटी रोड पर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Source link