![]()
शुक्रवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सुबह 5:30 बजे अज्ञात ट्रक की टक्कर से कुचाई निवासी सूरज प्रधान उर्फ ऑल्टो बाबा की मौत हो गई। उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर वृद्धाश्रम के पास थार और मैक्सिमो की टक्कर में डेढ़ वर्षीय मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर भाजपा कार्यालय से कुछ दूरी पर पाउडीमेल के समीप शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में कुचाई निवासी सूरज प्रधान, जिन्हें सरायकेला में ऑल्टो बाबा के नाम से जाना जाता था, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद करीब 50 वर्षीय महेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, महेंद्र जामुदा हैंसा गांव का रहने वाला है। वह शौच के लिए कार से उतरे थे। सूरज प्रधान उर्फ ऑल्टो बाबा कार में बैठे थे। महेंद्र जैसे ही वापस लौटकर कार में बैठने लगे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज प्रधान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। सूरज प्रधान क्षेत्र में ग्रह-नक्षत्र देखने के कार्य के कारण काफी प्रसिद्ध थे। लोग उन्हें ऑल्टो बाबा के नाम से जानते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दूसरी दुर्घटना सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर वृद्धाश्रम के समीप हुई। यहां थार और मैक्सिमो वाहन की टक्कर में डेढ़ वर्षीय शिवम, 14 वर्षीय तेजस प्रताप तथा मैक्सिमो चालक बकरीद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
Source link