![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, पाखर-लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन और पाखर हिंडालको माइंस प्रबंधन के बीच ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी प्रबंधन के साथ विस्तृत चर्चा कर ट्रक मालिकों और चालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में सड़क सुरक्षा, चलान की समय-सीमा, किलोमीटर निर्धारण, ट्रिप व्यवस्था, फोर्टनाइट भुगतान, टोकन प्रणाली तथा परिवहन कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसोसिएशन ने कहा कि इन समस्याओं के कारण ट्रक मालिकों और चालकों को आर्थिक एवं परिचालन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की मांग रखी। कंपनी प्रबंधन ने एसोसिएशन की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए प्रत्येक बिंदु पर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही यह भी सहमति बनी कि भविष्य में नियमित संवाद के माध्यम से समस्याओं की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू ने कहा कि ट्रक मालिकों के हितों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन हमेशा संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से समाधान में विश्वास रखता है। उनकी प्राथमिकता ट्रक मालिकों के हितों की रक्षा करते हुए सुचारु और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। बैठक में कंपनी की ओर से लॉजिस्टिक हेड अभिषेक कुमार, पिंटू दास, माइंस मैनेजर संजय सिंह, जितेंद्र कुमार तथा ट्रांसपोर्टर सत्यजीत सिंह उपस्थित थे। वहीं एसोसिएशन की ओर से सचिव मुस्तफा अंसारी, एहसान कुरैशी, फिरोज अंसारी, शाकिर अंसारी, सरवर आलम पाले, इकरामुल अंसारी, ज़ियाउल अंसारी, मो. आलम, उमर अंसारी, आसिफ अंसारी, मो. सैफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
Source link