![]()
गुमला सदर प्रखंड के टैंयसेरा मोड़ के पास शुक्रवार को बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय रितिका उरांव की मौत हो गई। उसका भाई आयुष कुमार घायल हुआ। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
.
हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने शनिवार को उर्मि बायपास चौराहे पर रितिका के शव के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी। समाजसेवी नेल्सन भगत समेत सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए।
परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग
ग्रामीणों ने घायल आयुष के बेहतर इलाज, मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और बाहर मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण करता था।
गुमला थानेदार दिनेश कुमार, अंचल अधिकारी और ट्रैक्टर मालिक ने 10-10 हजार रुपए दिए। जिला परिषद ने 3,000 रुपए, पत्रकार संघ ने 5,000 रुपए और नेल्सन भगत ने 5,000 रुपए दिए। रामेश्वर साहू, योगी उरांव, प्रहलाद और सावित्री समेत अन्य लोगों ने अंतिम संस्कार के लिए 1,000-1,000 रुपए दिए। जिला परिषद और स्थानीय लोगों ने भी आर्थिक मदद की।
कागजी प्रक्रिया पूरी होने पर मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।