लोहरदगा| लोहरदगा, “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से 22 और 23 नवंबर को पेशरार, लोहरदगा एवं कुडू प्रखंड में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), मतदाता सूची में नाम की जांच, मतदान के अधिकार तथा पेसा कानून के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें जागरूक किया गया। पेशरार प्रखंड के मक्का बाजार के समीप बुधदेव उरांव की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में जिला महासचिव हाजी सदरुल अंसारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने नाम की जांच करें। कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। रवीन्द्र सिंह खेरवार ने मतदाता अधिकारों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। लोहरदगा प्रखंड के भुंजनिया अखाड़ा के समीप सत्यदेव भगत की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में जिला प्रवक्ता मुस्ताक अहमद ने एसआईआर के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया। वहीं, कुडू के सुंदरू पंचायत में तनवीर गौहर की अध्यक्षता में हुई चौपाल में पेसा कानून के तहत ग्रामसभा के अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक मतदाता ही अपने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं। तीनों कार्यक्रमों में कांग्रेस के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
Source link