चक्रवाती तूफान अर्नब के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल मरम्मत के लिए हर डिवीजन में अतिरिक्त कर्मचारी व वाहन तैनात किए जाएंगे। ट्रांसफॉर्मर जलने की स्थिति में उसे तुरंत बदलने की व्यवस्था भी रहेगी। जेबीवीएनएल के सीएमडी के. श्रीनिवासन ने मंगलवार को ऑनलाइन बैठक कर बिजली आपूर्ति की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी 33 केवी और 11 केवी फीडरों, ट्रांसफॉर्मरों और सबस्टेशनों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही मरम्मत शुरू करने को कहा। सीएमडी ने निर्देश दिया कि एजेंसियों के माध्यम से अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था की जाए। प्रत्येक डिवीजन में अतिरिक्त वाहन उपलब्ध रहें, ताकि कर्मचारियों और उपकरणों को तत्काल प्रभावित इलाकों में पहुंचाया जा सके। सभी विद्युत अधीक्षण अभियंताओं और कार्यपालक अभियंताओं को ग्राउंड स्टाफ से लगातार संपर्क बनाए रखने और रात 11 बजे तक बिजली आपूर्ति की निगरानी करने को कहा गया है। ब्रेकडाउन होने पर उपलब्ध संसाधनों से जल्द आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया है।
Source link