बोकारो | ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में मोबाइल चलाना या लंबे समय तक शोर मचाना अब यात्रियों को भारी पड़ सकता है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अब इस नियम को सख्ती से लागू करने में जुटा है। रेलवे अधिनियम के तहत सार्वजनिक रूप से अशांति फैलाने पर 1000 रुपए तक जुर्माना और 6 माह तक के कारावास का प्रावधान है। बता दें कि पिछले दो वर्षों में रात के समय तेज आवाज में फोन कॉल, रील्स और वीडियो चलाने की बढ़ती शिकायतों तथा यात्रियों के बीच विवाद की घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर एनसी कुमार के निर्देशानुसार बोकारो समेत आद्रा मंडल के स्टेशनों और ट्रेनों में अगले एक सप्ताह तक विशेष जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पहले यात्रियों को समझाया व चेतावनी दी जाएगी, नहीं मानने पर जुर्माने की कार्रवाई होगी। रांची-नई दिल्ली राजधानी, झारखंड संपर्क क्रांति, गरीब रथ, पाटलिपुत्र, मौर्य एक्सप्रेस और वनांचल एक्सप्रेस जैसी एसी ट्रेनों तथा स्टेशन पर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी दी जा रही है।
Source link