![]()
बोकारो थर्मल। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के ईंट भट्ठा हरिजन बस्ती में मंगलवार देर रात अवैध कोयला लदी तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, हरिजन बस्ती निवासी रेवलाल सिंह अपनी प|ी फुलमतिया देवी के साथ कंजकिरो में आयोजित काली पूजा का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोयला लदी बाइक ने फुलमतिया देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक पर लदा कोयला सड़क पर बिखर गया। वहीं, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने शव को रातभर घर में रखा। बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुनील महतो और सुनील टाइगर सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की। मृतका के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। सड़क जाम के कारण बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। दुर्घटना के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण।
Source link