![]()
भास्कर न्यूज| सरायकेला दीपों के त्योहार दीपावली से पहले धनतेरस की खरीदारी को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले का बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। शुक्रवार को धनतेरस पर दोपहर 12 बजे के बाद खरीदारी का शुभ समय माना जाता है। इसके बाद बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पिछले दिनों सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट के बाद अब इनके भाव में थोड़ी तेजी जरूर लौटी है। अपेक्षाकृत नरम कीमतों ने ग्राहकों के बीच खरीदारी का उत्साह बढ़ा दिया है। इस बार धनतेरस पर सोना और चांदी बाजार की चमक बढ़ा सकते हैं। जिला मुख्यालय सरायकेला सहित आदित्यपुर, गम्हरिया, राजनगर, चांडिल और जिले के अन्य प्रखंडों में आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली उपकरण और फर्नीचर की दुकानें आकर्षक ढंग से सजाई गई हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। आभूषण दुकानों में नए डिजाइन के सोने-चांदी के गहनों के साथ सिक्के और अन्य आकर्षक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। धनतेरस की पूर्व संध्या, गुरुवार को बाजार में 22 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए 1,34,500 रुपये रही। 24 कैरेट सोने की कीमत 1,46,200 रुपये रही। वहीं चांदी 10 ग्राम 2,010 रुपये की दर से बिकी। बाजार से जुड़े लोगों के अनुसार शुक्रवार को भी कीमतें इसी स्तर के आसपास रहने की संभावना है। वास्तविक भाव में उतार-चढ़ाव संभव है। इधर, ग्राहकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सरायकेला के मां भगवती ज्वेलर्स, बसंती ज्वेलर्स और आदित्यपुर के न्यू निर्मला ज्वेलर्स एंड संस सहित कई प्रतिष्ठित दुकानों में प्री-बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। दुकानदारों को उम्मीद है कि सोने-चांदी की कीमतों में आई नरमी का लाभ उठाने के लिए इस बार बड़ी संख्या में ग्राहक आभूषणों की खरीदारी करेंगे। बर्तन खरीदने की परंपरा से लेकर सोने-चांदी में निवेश तक, धनतेरस का बाजार इस बार हर वर्ग के ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है। टू-व्हीलर एवं फोर-व्हीलर वाहन शोरूम भी बुकिंग के बाद शुक्रवार को डिलीवरी देंगे। अब देखना है कि शुभ मुहूर्त के साथ बाजार में कितनी रौनक नजर आती है। कारोबार में कितनी चमक आती है।
Source link