Last Updated:
महोत्सव में केवल मियाजाकी आम ही नहीं, बल्कि लंगड़ा, आम्रपाली, सिंदूरी, मालदा, भागलपुरी और दशहरी समेत दर्जनों किस्मों के आमों की प्रदर्शनी और बिक्री भी की गई. स्वाद, खुशबू और गुणवत्ता से भरपूर इन आमों ने लोगों को खूब आकर्षित किया. जिला प्रशासन की इस पहल से किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिला.
मियाजाकी आम ने लूट ली महफिल
धनबाद: झारखंड के धनबाद में जिला प्रशासन की ओर से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम महोत्सव का आयोजन किया गया. बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल परिसर में आयोजित इस महोत्सव में कई तरह के स्वादिष्ट और प्रसिद्ध आमों की प्रदर्शनी लगाई गई. हालांकि पूरे महोत्सव में सबसे ज्यादा चर्चा जिस आम की रही, वह था मियाजाकी आम. इस खास किस्म के आम की कीमत करीब 3 लाख रुपये प्रति किलो बताई गई, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. महोत्सव में पहुंचे लोग इस महंगे आम को देखने के लिए उत्सुक नजर आए. कई लोगों ने इसकी तस्वीरें लीं और इसके बारे में जानकारी हासिल की.
आमतौर पर बाजार में मिलने वाले आमों की तुलना में मियाजाकी आम की कीमत कई गुना अधिक है, जिसके कारण यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा.मियाजाकी आम की बागवानी करने वाले कृषक विशेषज्ञ रवि कुमार निषाद ने बताया कि मियाजाकी जापान के एक शहर का नाम है, जहां इस किस्म के आम की अच्छी पैदावार होती है. उन्होंने बताया कि इस आम में कई औषधीय गुण पाए जाते हैं, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग काफी अधिक है और इसकी कीमत भी बहुत ज्यादा होती है.
रवि कुमार निषाद जय धरती मां फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए एक करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है. उनके अनुसार अब तक तीन लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को नई और उन्नत किस्मों की खेती के प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि उनकी आमदनी बढ़ सके.
महोत्सव में शामिल किसानों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की. किसानों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी उपज सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होती है और उन्हें बेहतर कीमत मिलती है. किसानों ने बताया कि महोत्सव के दौरान उनकी बिक्री भी अच्छी हुई है. हालांकि मियाजाकी आम की कीमत इतनी अधिक है कि इसे हर कोई खरीद नहीं सकता, लेकिन इसे देखने और इसके बारे में जानने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही.
आम महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे ग्राहकों से जोड़ना और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि बैंक मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में आयोजन होने से किसानों को अपने उत्पाद बेचने का अच्छा अवसर मिला है. साथ ही ऑर्गेनिक तरीके से तैयार किए गए उत्पादों को लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है.
महोत्सव में केवल मियाजाकी आम ही नहीं, बल्कि लंगड़ा, आम्रपाली, सिंदूरी, मालदा, भागलपुरी और दशहरी समेत दर्जनों किस्मों के आमों की प्रदर्शनी और बिक्री भी की गई. स्वाद, खुशबू और गुणवत्ता से भरपूर इन आमों ने लोगों को खूब आकर्षित किया. जिला प्रशासन की इस पहल से किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिला. वहीं, आम प्रेमियों को भी एक ही स्थान पर विभिन्न किस्मों के आमों को देखने और खरीदने का अवसर प्राप्त हुआ.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें