![]()
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना एनएच-32 स्थित कतरास कॉलेज के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान भटमुरना निवासी संजय गुप्ता के पुत्र सागर गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सागर अपनी बाइक से भगत सिंह चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सागर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर राजगंज-महुदा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी मुआवजे और ट्रेलर चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Source link