.
नगर पंचायत कोडरमा की चतुर्थ बोर्ड बैठक गुरुवार को नगर पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष साजिद हुसैन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपाध्यक्ष सोनी कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी शंभू प्रसाद कुशवाहा, सभी वार्ड पार्षदों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, श्रावणी मेला की तैयारियों और आगामी विकास योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में कोडरमा शहरी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत फिल्टर बेड, पंप हाउस तथा अन्य खराब उपकरणों की मरम्मत के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने पर सहमति दी गई। कार्यपालक पदाधिकारी शंभू प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से भेजे गए प्राक्कलन पर बोर्ड ने सहमति प्रदान कर दी है, ताकि खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कर शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु किया जा सके। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर क्षेत्र में 110 नए व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए लाभुकों का चयन कर सूची भेजने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शौचालय के निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। साथ ही कम्युनिटी टॉयलेट, पब्लिक टॉयलेट, एस्पिरेशनल टॉयलेट, यूरिनल तथा माइक्रो एक्शन प्लान तैयार करने पर भी सहमति बनी। स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के समन्वय, साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से प्राप्त सड़क, नाली सहित अन्य छोटी-बड़ी विकास योजनाओं के प्रस्तावों पर भी विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया गया। बैठक में वार्ड पार्षद सचिन कुमार, रफत साहिन, रजिया खातून, गुंजा देवी, अहमद रजा सोनू, रेणु देवी, शाहिद हुसैन, सीमा कुमारी, रंजीत राम, रिया राज, अजीत वर्णवाल, सुप्रिया देवी, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, कनीय अभियंता, विधि सहायक, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे। बरसात के मौसम में मलेरिया एवं डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए मोटरसाइकिल पर संचालित होने वाली दो नई फॉगिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया। साथ ही शहर में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव जारी रखने पर भी सहमति बनी। कचरा प्रबंधन और जलजमाव से निपटने की योजना बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुरूप उप-नियमों को अपनाने, निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) कचरे के निस्तारण तथा मृत पशुओं के नियमित उठाव की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं जलजमाव वाले स्थानों पर अस्थायी रूप से डस्ट एवं छाई डालकर समस्या कम करने की रणनीति भी बनाई गई।बैठक में ध्वजाधारी धाम में श्रावणी मेला एवं अंतिम सोमवारी पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। मंदिर परिसर एवं आसपास विशेष साफ-सफाई, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, नए ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग, रस्सी बैरियर, मेडिकल कैंप, सूचना संबंधी बैनर-पोस्टर तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। भीड़ की निगरानी के लिए एक बड़ा वॉच टावर भी बनाया जाएगा ।